दोबारा रेप करने आया ठेकेदार, लड़की फांसी पर झूलती मिली

0
744

जबलपुर। यहां एक श्रमिक ठेकेदार द्वारा नेपाली मूल की मजदूर महिला की बेटी के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। ठेकेदार ने महिला मजदूर के जाने के बाद उसकी नाबालिग बेटी के साथ रेप किया और चला गया। आधे घंटे बाद वो दोबारा रेप करने के लिए आया लेकिन तब तक पीड़िता ने फांसी लगा ली थी। ठेकेदार ने पीड़िता की लाश ठिकाने लगाने की योजना बनाई तब तक लोग जमा हो गए और ठेकेदार फरार हो गया।

गोरखपुर क्षेत्र की नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अंजुलता पटले ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि नेपाली मूल की विधवा महिला अपने तीन लड़कों व एक लड़की के साथ ककइयां तलैया में रहती है। महिला मजदूर का काम करती है और ठेकेदार दिनेश कुमार प्रजापति का उसके घर आना जाना था। बुधवार की सुबह महिला रोज की तरह काम पर चली गई थी। घर में उसकी बेटी, दो छोटे बेटे व ठेकेदार दिनेश था, जिसे सब बच्चे चाचा कहते थे।

पटले के मुताबिक, दिनेश ने दोनों छोटे बच्चों को प्रलोभन देकर घर से बाहर जाकर खेलने के लिए भेज दिया। किशोरी को घर पर अकेले पाकर कथित चाचा ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद आरोपी को पड़ोसियों ने घर से बाहर जाते हुए देखा था। दुष्कर्म पीड़ित किशोरी ने घटना से व्यथित होकर घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

कुछ देर बाद आरोपी वापस आया तो उसने किशोरी को फांसी के फंदे पर झूलता हुआ देखा। आरोपी ने किशोरी को फांसी के फंदे से नीचे उतारा, तब तक घर के सामने लोग एकत्र होने लगे। लोगों को देख आरोपी मौका पाकर फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व आत्महत्या के लिए प्रेरित करने सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस के अनुसार, अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है तथा उसकी तलाश जारी है।