Breaking News
पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा की सपा में वापसी, अखिलेश यादव ने की घोषणा
पीलीभीत। पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा एक बार फिर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। लखनऊ में रविवार को आवंती वाई लोधी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हेमराज वर्मा की पार्टी में वापसी की घोषणा की।
हेमराज वर्मा पहले भी समाजवादी पार्टी में रह चुके हैं और अखिलेश यादव के मुख्यमंत्रित्व काल में खाद्य एवं रसद विभाग के राज्यमंत्री रहे थे। वर्ष 2023 में उन्होंने सपा छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। फरवरी 2026 में अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद उनकी सपा में वापसी की चर्चाएं तेज हो गई थीं।कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कहा कि हेमराज वर्मा पहले भी समाजवादी पार्टी के साथ रहे हैं और मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उनके पार्टी में लौटने से संगठन को मजबूती मिलेगी और आगामी चुनाव में भाजपा के खिलाफ लड़ाई को और मजबूती से लड़ा जाएगा।हेमराज वर्मा मूल रूप से पीलीभीत के न्यूरिया थाना क्षेत्र के ग्राम टाह के निवासी हैं। वर्ष 2012 में वह बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र से सपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे। इसके बाद अखिलेश यादव सरकार में उन्हें खाद्य एवं रसद विभाग का राज्यमंत्री बनाया गया था।
Breaking News
कल रहेंगे कक्षा आठ तक के स्कूल बंद, डीएम ने जारी किया आदेश
पीलीभीत। श्रावण मास के सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ और मार्ग परिवर्तन को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिले में कक्षा आठ तक के सभी विद्यालयों में सोमवार को अवकाश रहेगा।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के तहत परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के साथ ही सहायता प्राप्त और सभी बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
Breaking News
पुलिस लाइन में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
पीलीभीत। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान का गायन किया गया।पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के साथ कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।समारोह के दौरान सराहनीय कार्य के लिए अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया को पुलिस महानिदेशक प्रशंसा चिन्ह-रजत पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल, प्रतिसार निरीक्षक संतोष कुमार राघव समेत पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। गार्द एवं उपस्थित पुलिस बल ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
Breaking News
कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर एसपी ने शाही चौकी क्षेत्र का किया निरीक्षण
पीलीभीत। श्रावण मास के तृतीय सोमवार को लेकर पुलिस अधीक्षक पीलीभीत सुकीर्ति माधव ने चौकी शाही क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा कानून-व्यवस्था के लिए की गई पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया।एसपी ने कांवड़ियों के आवागमन वाले मार्गों और प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कांवड़ मार्गों पर लगातार भ्रमण कर निगरानी रखने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारु रखने के निर्देश दिए।उन्होंने मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों व वस्तुओं पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। एसपी ने पुलिसकर्मियों से कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने तथा श्रावण मास के दौरान शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरतने को कहा।

