Breaking News
पेनल्टी शूटआउट में गोला गोकर्णनाथ बनी चैंपियन, पीलीभीत को 7-6 से हराया
• नेताजी सुभाष कप-2026 के रोमांचक फाइनल में निर्धारित समय तक नहीं हो सका गोल
•गोला के गोलकीपर तारिक बने मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज
न्यूरिया (पीलीभीत)। न्यूरिया कॉलोनी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मैदान पर शारदीय दुर्गा पूजा महोत्सव के तहत आयोजित ‘नेताजी सुभाष कप-2026’ फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में बृहस्पतिवार को गोला गोकर्णनाथ ने रोमांचक जीत दर्ज की। बेहद कड़े मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट के जरिए गोला गोकर्णनाथ ने पीलीभीत को 7-6 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।शाम पांच बजे शुरू हुए फाइनल मुकाबले में सीटी बजते ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मैच के दौरान दोनों ओर से गोल करने के कई तीखे हमले हुए, लेकिन दोनों टीमों के रक्षापंक्ति के खिलाड़ियों और गोलकीपरों ने विरोधी टीम की कोशिशों को नाकाम कर दिया। निर्धारित समय तक दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं दाग सकीं और मुकाबला बराबरी पर छूटा।इसके बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ, जहां रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया। पेनल्टी शूटआउट में दोनों टीमों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी, लेकिन आखिरकार गोला गोकर्णनाथ ने 7-6 से बाजी मार ली। जीत दर्ज करते ही गोला टीम के खिलाड़ियों और समर्थकों में जश्न की लहर दौड़ गई।

गोलकीपर तारिक का शानदार प्रदर्शन-

पूरे मैच और टूर्नामेंट में शानदार बचाव करने वाले गोला गोकर्णनाथ के गोलकीपर तारिक को ‘मैन ऑफ द मैच’ के साथ-साथ ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के पुरस्कार से भी नवाजा गया।विजेता को 14 हजार और उपविजेता को 7 हजार रुपयेमैच में डिवाइन एलर्जी अस्थमा सेंटर एवं अनुज नर्सिंग होम, पीलीभीत के डॉ. दीपक गंगवार और उनकी पत्नी डॉ. पूनम गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उन्होंने मैच से पूर्व खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथियों ने विजेता गोला गोकर्णनाथ की टीम को ट्रॉफी व 14,000 रुपये और उपविजेता पीलीभीत की टीम को ट्रॉफी व 7,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया।

आयोजन समिति और गणमान्य लोग रहे मौजूद- नेताजी सुभाष चंद्र बोस फुटबॉल कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट में डॉ. दीपक गंगवार, समर चंद्र राय, रामश्याम बीड़ी, दुर्गा पूजा कमेटी, ग्राम प्रशासक विश्वनाथ सरकार, अजीत डे, शिव मिष्ठान भंडार, जगत सीमेंट और डॉ. अरुण मंडल का विशेष सहयोग रहा।इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष सुब्रत दास, उपाध्यक्ष किशोर बाइन, कोषाध्यक्ष विजय सरकार, स्पोर्ट्स ऑफिसर अनुराग श्रीवास्तव, जिला स्वास्थ्य अधिकारी धीरेंद्र सिंह, रामचंद्र मंडल, डॉ. आशीष उर्फ बब्लू, निमाई मंडल, राधेश्याम, भवतोष, नित्यानंद साना, प्रकाश दास और विदुर व्यापारी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
Breaking News
पुतला दहन से पहले पुलिस की कार्रवाई, अजीम समेत तीन कांग्रेसी हिरासत में
आधी रात को अजीम को पकड़ा, सुबह दो अन्य नेताओं को थाने लाई पुलिस; शाम पांच बजे छोड़ा
न्यूरिया (पीलीभीत)। प्रस्तावित पुतला दहन कार्यक्रम से पहले पुलिस ने कांग्रेस के जिला महासचिव और नगर पंचायत न्यूरिया के वार्ड नौ के सभासद मोहम्मद अजीम समेत तीन नेताओं को हिरासत में ले लिया। अजीम को सोमवार रात करीब 12 बजे पकड़ा गया, जबकि मीडिया प्रभारी फैज नूरी और अल्पसंख्यक नगर अध्यक्ष हसरुद्दीन को मंगलवार सुबह थाने लाया गया। तीनों को शाम पांच बजे तक थाने में रखा गया।राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के आह्वान पर 20 अक्तूबर को न्यूरिया के मुख्य चौराहे पर पुतला दहन का कार्यक्रम प्रस्तावित था। अजीम ने सोशल मिडिया के माध्यम संदेश जारी कर कार्यकर्ताओं से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी।अजीम के मुताबिक, संदेश सामने आने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उधर, पुलिस की घेराबंदी के बावजूद एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा कार्यकर्ताओं के साथ कलीनगर पहुंच गए और वहां चौराहे पर पुतला दहन किया। उन्होंने सरकार पर दमनकारी नीति अपनाने का आरोप लगाया। साथ ही न्यूरिया में अजीम समेत तीन नेताओं को हिरासत में लिए जाने पर भी सवाल उठाए।थाना प्रभारी दिगंबर सिंह ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा के मद्देनजर तीनों को डिटेन में किया गया था।
Breaking News
रामलीला कमेटी के हिसाब किताब पर खूनी संघर्ष, तीन की मौत, एक युवक घायल, डीएम एसपी पहुँचे
अमरिया में गोलीकांड के बाद मौके पर पहुंचे डीएम, एसपी और एएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली
24 न्यूज़ एक्सप्रेस | पीलीभीत। अमरिया में रामलीला मेला कमेटी के चंदे के हिसाब-किताब को लेकर चल रहा विवाद सोमवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में 14 वर्षीय किशोर समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। घटनास्थल से लाइसेंसी रायफल और तमंचा बरामद होने की जानकारी है।
जानकारी के मुताबिक, रामलीला मेला कमेटी के चंदे के हिसाब-किताब को लेकर नरेश गुप्ता और कौशल गुप्ता पक्ष के बीच विवाद चल रहा था। सोमवार रात करीब 9:30 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी बढ़ने पर फायरिंग शुरू हो गई। गोली लगने से नरेश गुप्ता के बेटे अंकित गुप्ता (29), मोहित गुप्ता (31), रोश गुप्ता (22) और गुड्डू श्रीवास्तव के बेटे कुणाल श्रीवास्तव (14) घायल हो गए।
दो को अस्पताल में मृत घोषित किया, तीसरे ने रास्ते में तोड़ा दम– पुलिस घायलों को अस्पताल ले गई, जहां कुणाल और अंकित को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर हालत में मोहित को बरेली रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। घायल रोश गुप्ता का उपचार चल रहा है। बताया गया कि कुणाल घटना के समय कस्बे में टहल रहा था और इसी दौरान गोलीबारी की चपेट में आ गया।
अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण गोलीबारी की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव, अपर पुलिस अधीक्षक हिमांशु गौरव और सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। थाना जहानाबाद और थाना न्यूरिया की पुलिस फोर्स भी घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।पुलिस विवाद की वजह, फायरिंग में शामिल लोगों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी है।
24 न्यूज़ एक्सप्रेस — सच की आवाज
Breaking News
महिला सुरक्षा को सड़क पर उतरी पुलिस, मिशन शक्ति का आगाज
बिलसंडा में पैदल मार्च, करनपुर चक में चौपाल लगाकर महिलाओं को किया जागरूक
पीलीभीत।मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत रविवार को बिलसंडा पुलिस ने पैदल मार्च निकालकर महिला सुरक्षा का संदेश दिया। जिले के सभी थानों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।बिलसंडा में निकाले गए मार्च में मिशन शक्ति टीम के साथ स्थानीय लोग, पीआरडी जवान, होमगार्ड, आशा बहुएं और सफाई कर्मियों की महिला टोलियां शामिल रहीं। बैनर-पोस्टर के जरिए लोगों को महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के प्रति जागरूक किया गया।

इसके बाद ग्राम करनपुर चक में चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई।पुलिस ने महिला हेल्प डेस्क, एंटी रोमियो स्क्वायड, शक्ति दीदी, यूपी-112, वूमेन पावर लाइन-1090 और साइबर हेल्पलाइन-1930 की जानकारी दी। साथ ही महिला अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों और सरकारी योजनाओं के बारे में बताया। उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई।पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम करना है।

