पीलीभीत। नगर पंचायत न्यूरिया स्थित कन्या जूनियर हाई स्कूल प्रांगण में पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर महिला सशक्तिकरण सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ न्यूरिया नगर पंचायत चेयरपर्सन रिहाना वेगम संग मुख्य अतिथियों द्वारा माता अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
मुख्य अतिथि महेंद्र पाल राजपूत, मंगली प्रसाद एवं रेखा सिंह परिहार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके सामाजिक योगदान और नारी सशक्तिकरण में उनकी प्रेरणादायी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि माता अहिल्याबाई ने अपने समय में स्त्रियों को सम्मान और अधिकार दिलाने की दिशा में अद्वितीय कार्य किए थे, जिनसे आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।

समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
इससे पूर्व नगर में भारतीय सेना के सम्मान में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में नगर पंचायत ईओ हरिपाल गंगवार, मोहम्मद यासीन, मो आकिब, प्रदीप कुमार, गौरव शर्मा, मुन्ना लाल भारती, संतोष कुमार सहित कई नगर पंचायत समस्त स्टाफ और स्थानीय गणमान्य नागरिकों व युवाओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। तिरंगा यात्रा ने नगर में देशभक्ति का वातावरण उत्पन्न कर दिया।
